Prabhat Times
नई दिल्ली। भारत में शुक्रवार को कोरोना के केस 40 लाख के पार हो चुके हैं। चिंताजनक यह है कि 30 लाख से 40 लाख का आंकड़ा होने में महज 13 दिन का वक्त लगा।
वहीं पिछले 24 घंटे में 87,800 से ज्यादा नए केस सामने आए जो अब तक का सबसे अधिक आंकड़ा है। लगातार तीन दिन से कोरोना के नए मामलों में जबरदस्त उछाल आ रहा है। अमेरिका और ब्राजील के बाद भारत 40 लाख कोरोना केस वाला तीसरा देश है।
कोरोना की रफ्तार की बात करें तो भारत में कोरोना के पहले केस से 10 लाख का आंकड़ा पार होने में 168 दिन लगे लेकिन इसके बाद 20, 30 और फिर 40 लाख का आंकड़ा पार करने में मात्र 50 दिन लगे।
दूसरे देशों की तुलना करें तो ब्राजील में 75 दिनों में 40 लाख मरीज हुए थे जबकि अमेरिका में 86 दिन लगे थे।

13 दिन में बढ़ गए 10 लाख मरीज

भारत में कोरोना की रफ्तार लगातार बढ़ती जा रही है। 30 लाख से 40 लाख यानी 10 लाख मरीजों की बढ़ोतरी होने में 13 दिन का ही वक्त लगा। इससे पहले 10 लाख का इजाफा होने में 16 दिन का वक्त लगा था।

दूसरे देशों की तुलना में मृत्युदर कम

राहत की बात यह है कि भारत में कोरोना से मृत्युदर बाकी देशों की तुलना में काफी कम है। 40 लाख कोरोना केस के साथ भारत में महामारी से अब तक 69,552 मरीजों की मौत हो चुकी है।
40 लाख मरीजों की संख्या के साथ अमेरिका में 1.4 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी थी जबकि ब्राजील में 1.2 लाख से ज्यादा लोग जान गंवा चुके थे।

महाराष्ट्र में एक दिन में सबसे अधिक केस

शुक्रवार को भारत में रेकॉर्ड 87,852 नए केस दर्ज किए। इनमें सबसे अधिक संक्रमण के केस 19,218 महाराष्ट्र से आए।
वहीं पिछले 24 घंटे में कोरोना से भारत में 1,062 लोगों की मौत हो चुकी है। लगातार चौथे दिन भारत में 1,000 से अधिक लोग कोरोना से दम तोड़ चुके हैं।
महाराष्ट्र में शुक्रवार को 19,218 नए मामले आए जो एक दिन में सबसे अधिक केस हैं। यहां तक कि मुंबई में भी पिछले एक हफ्ते से हर रोज रेकॉर्ड केस सामने आए रहे हैं।
मुंबई में शुक्रवार को 1,929 केस आए। इससे पहले मुंबई में 27 जून को सबसे अधिक 2,077 केस सामने आए थे।

आंध्र प्रदेश में 10,000 से ज्यादा केस

आंध्र प्रदेश में शुक्रवार को 10,776 नए कोरोना केस सामने आए जबकि 76 लोगों की मौत हो गई। अब तक यहां कुल 4,276 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि कुल केस 4,76,506 पास कर चुके हैं।

मध्य प्रदेश में बच्चों पर कोरोना साया

मध्य प्रदेश के इंदौर में खतरनाक ट्रेंड देखने को मिल रहा है। यहां 12 साल के कम उम्र के बच्चों में कोरोना इंफेक्शन तेजी से फैल रहा है। 20 जुलाई को 398 बच्चे संक्रमित थे और 1 सितंबर को 1,158 बच्चे कोरोना की चपेट में आ चुके हैं।