Prabhat Times
जालंधर। (Accident Jalandhar) महानगर जालंधर में बड़ा हादसा हुआ है। जालंधर कैंट के जंडियाला से फगवाड़ा लिंक रोड़ पर आमने सामने टक्कर में दो वाहनों के परखच्चे उड़ गए। भीषण हादसे में दो सगे भाईयों की दर्दनाक मृत्यु हो गई तथा दूसरी गाड़ी में सवार दो लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
जानकारी के मुताबिक जंडियाला-फगवाड़ा मार्ग पर राधा स्वामी सत्संग घर के पास शुक्रवार दोपहर को आमने-सामने गाड़ियों की टक्कर हो गई। भीषण दुर्घटना का पता चलते ही आसपास लोग एकत्र हो गए और पुलिस को सूचित किया। जंडियाला पुलिस चौकी की पुलिस भी मौके पर पहुंची। बताया जा रहा है कि सगे भाई हरकमल सिंह व जतिन्द्र सिंह दोनो पुत्र बलदेव सिंह वासी गांव तलवन की मौके पर ही मौत हो गई। चौकी इंचार्ज गुरविंदर सिंह पुलिस पार्टी सहित मौके पर पहुंचे।
पुलिस के मुताबिक दोनों ऑल्टो गाड़ी में सवार थे। उनकी गाड़ी भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए पुलिस ने सिविल अस्पताल जालंधर में भेज दिए हैं। दूसरी गाड़ी में सवार दो लोगों रमन थापर और बलदेव राज की हालत भी काफी गंभीर बताई जा रही है।
उन्हें नकोदर के अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। पुलिस के मुताबिक क्षतिग्रस्त दोनों गाड़ियों को अपने कब्जे में ले लिया है और जांच की जा रही है।

ये भी पढ़ें