मुंबई (ब्यूरो): बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। शनिवार रात ही उन्हें मुंबई के नानावती अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। इसके बाद उन्होंने खुद ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी थी। उन्होंने बताया था कि उनके परिवार समेत स्टाफ मेंबर्स की भी जांच हुई है।

अमिताभ बच्चन के बाद उनके बेटे अभिषेक बच्चन भी कोरोना संक्रमित पाए गए। वहीं अब अस्पताल से अमिताभ बच्चन की हेल्थ अपडेट आई है। अमिताभ बच्चन की ये हेल्थ अपडेट राहत की खबर लेकर आई है।

मुंबई के नानावती अस्पताल के जनसंपर्क अधिकारी ने खुद अमिताभ बच्चन की सेहत के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि- अमिताभ बच्चन की हालत अब स्थिर है, उन्हें हल्के लक्षण हैं। इसके अलावा उन्हें अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है।

डॉक्टर का कहना है कि भर्ती के समय अमिताभ बच्चन का ऑक्सीजन का लेवल 90 के आस-पास चला गया था लेकिन अब वो वापस 95 के आस-पास है। डॉक्टरों का कहना है कि उनकी हालत स्थिर है और घबराने वाली कोई बात नहीं है।

बता दें कि अमिताभ बच्चन जब अस्पताल में भर्ती हुए थे तभी उनमें कोरोना के लक्षण काफी कम थे। अभिषेक बच्चन ने खुद ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी थी। इसके अलावा अपने फैंस और शुभचिंतकों का ध्यान रखते हुए अमिताभ बच्चन ने भी रात को ही अस्पताल में भर्ती होने के बावजूद सोशल मीडिया पर पोस्ट कर अपने बारे में जानकारी दी थी।

उन्होंने लिखा था- ‘मैं कोरोना पॉजिटिव पाया गया हूं। इसके बाद में अस्पताल में भर्ती हूं। अस्पताल द्वारा प्रशासन को सूचित किया जा रहा है। परिवार और स्टाफ का टेस्ट हो चुका है और इसकी जांच रिपोर्ट आने वाली है। इसके अलावा पिछले 10 दिनों में मेरे संपर्क में जो भी लोग आए हैं उनसे मेरी गुजारिश है वो अपना टेस्ट करवा लें’।

अभिषेक की रिपोर्ट पोज़िटिव के बंद हुआ ये स्टूडियो

अभिषेक बच्चन के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद एक डबिंग स्टूडियो को फिलहाल के लिए बंद कर दिया गया है। कारण ये है कि यहां पर कुछ समय पहले अभिषेक बच्चन ने डबिंग की थी।

फिल्म क्रिटिक और जानकार कोमल नाहटा ने खुद इस बात की जानकारी दी है। इस डबिंग स्टूडियो में अभिषेक बच्चन लॉकडाउन में रियायत मिलते ही अपनी वेब सीरीज ‘ब्रीद इनटू शैडोज’ की डबिंग के लिए गए थे।

कोमल नाहटा ने अपने ट्वीट में जानकारी देते हुए लिखा, ‘साउंड और विजन डबिंग स्टूडियो को कुछ समय के लिए बंद कर दिया गया है, क्योंकि अभिषेक बच्चन ने वहां वेब सीरीज ब्रीद के लिए डबिंग की थी’।

अभिषेक बच्चन के संपर्क में आए हर शख्स को टेस्ट करवाने की सलाह दी जा रही है। खुद अमिताभ बच्चन ने अपने ट्वीट में भी ये बात कही थी।