Prabhat Times
लुधियाना। पंजाब के लुधियाना शहर से बड़ी खबर सामने आई है। पता चला है कि पंजाब भाजपा (BJP) के नेता एडवोकेट अनिल सरीन की सुरक्षाकर्मी की अचानक गोली चलने से मौत हो गई है। पता चला है कि भाजपा नेता की सुरक्षा में तैनात हवलदार अपनी एके-47 साफ कर रहा था।
इसी दौरान अचानक गोली चल गई, जिससे उसकी मौत हो गई। हवलदार भाजपा के पंजाब प्रवक्ता एडवोकेट अनिल सरीन की सुरक्षा में था। घुमार मंडी चौकी इंचार्ज एसआइ जसविंदर सिंह, डीएमसी चौकी इंचार्ज सतनाम सिंह भुल्लर ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
घटना बीती रात की है, लेकिन इसका पता सोमवार सुबह चला। हवलदार जोगिंदर सिंह घर पर ही गन साफ कर रहा था। इस दौरान गलती से ट्रिगर दब गया। गोली सीधे जोगिंदर की ठोडी पर लगी, जिससे उसकी मौत हो गई। जोगिंदर सिंह रायकोट का रहने वाला था। वह यहां अपनी पत्नी, दो बेटियों व एक बेटे के साथ रहता था।
जोगिंदर सिंह छह महीने पूर्व ही भाजपा नेता की सुरक्षा में तैनात हुआ था। इसके अलावा तीन अन्य गनमैन भी भाजपा नेता की सुरक्षा में तैनात हैं। हवलदार की मौत की सूचना उसके सहायक को सुबह उस समय मिली थी जब वह उसे देखने गया।
जोगिंदर सिंह खून से लथपथ था। इसकी सूचना उसने घरवालों को दी। इसके बाद कंट्रोल रूम में सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवा दिया है।

ये भी पढ़ें