Prabhat Times
जालंधर। (BJP Protest Jalandhar) अबोहर के विधायक अरूण नारंग पर हुए हमले के विरोध में जालंधर में भाजपा द्वारा दिया गया धरना हटवाने के लिए कमिश्नरेट के एस.एच.ओ. ने भाजपा नेताओं को किसानों का नाम लेकर धमकाने की कोशिश की। जिससे भड़के भाजपा नेताओं ने थाना नम्बर 3 के एस.एच.ओ. के खिलाफ डी.सी.पी. नरेश डोगरा को धमकाने का आरोप लगाते हुए लिखित शिकायत दी है।
बता दें कि बीते दिन अबोहर के विधायक अरूण नारंग के साथ मलौट में मारपीट हुई। जिसे लेकर भाजपा में रोष पाया जा रहा है। भाजपा विधायक पर हमले की कार्रवाई के विरोध में आज जालंधर मे भाजपा द्वारा जालंधर के पी.एन.बी. चौक में धरना प्रदर्शन किया गया।
धरना प्रदर्शन में पूर्व मंत्री मनोरंजन कालिया, पूर्व सी.पी.एस. के.डी. भंडारी, विनोद शर्मा, राजीव ढींगरा, अनिल सच्चर, सुभाष सूद, अमित तनेजा, मोनू पुरी, किशन लाल शर्मा, अशोक सरीन हिक्की, प्रदीप खुल्लर, सन्नी शर्मा, अजय चोपड़ा, युवा मोर्चा के अध्यक्ष बलजीत प्रिंस समेत के भाजपा के नेता और वर्कर मौजूद रहे।
इस दौरान भाजपा नेताओं ने जमकर नारेबाजी की। धरना प्रदर्शन का समय खत्म होने के बीच  कई वरिष्ठ नेता वहां से जाने लगे। इसी बीच थाना नम्बर 3 के एस.एच.ओ. मुकेश कुमार वहां पहुंचे और भाजपा नेताओं को कहा कि धरना खत्म करें, क्योंकि किसान आ रहे हैं। ये बात सुनते ही भाजपा के तेज तर्रार नेता किशन लाल शर्मा भड़क गए।
किशन लाल शर्मा ने एस.एच.ओ. द्वारा कही गई इस बात पर कड़ा एतराज जताया। किशन लाल शर्मा ने एस.एच.ओ. के खिलाफ किसानों से मिलीभगत होने का आरोप लगाने की लिखित शिकायत मौके पर मौजूद डी.सी.पी. नरेश डोगरा को दी है।
शिकायत में किशन लाल शर्मा ने कहा कि वे सभी शांतिपूर्वक ढंग से धरना दे रहे थे। इसी बीच एस.एच.ओ. मुकेश कुमार वहां आए और भाजपा नेताओं को धमकाया कि किसानों का फोन आया है। वे धरना खत्म करें दे नहीं तो उन्हें बुला लिया जाएगा।
किशन लाल ने आरोप लगाया कि स्पष्ट हो गया है कि किसानों के भेष में घूम रहे शरारती लोग पुलिस के संपर्क में है। किशन लाल ने लिखित शिकायत देकर एस.एच.ओ. के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

ये भी पढ़ें