Prabhat Times
मुंबई: साल 2020 बॉलीवुड के लिए काफी दुखद साबित हुआ है। साल के 6 महीनों में ही बॉलीवुड ने कई दिग्गज सितारों को खो दिया है।
अब बॉलीवुड को एक और बड़ा झटका लगा है। मशहूर एक्शन डायरेक्टर परवेज खान का दिल का दौरा पड़ने से सोमवार को निधन हो गया। वह 55 साल के थे।
फिल्ममेकर हंसल मेहता ने परवेज खान की मौत पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने ट्वीट कर लिखा, ”अभी पता चला कि एक्शन डायरेक्टर परवेज खान अब इस दुनिया में नहीं हैं।
हमने फिल्म ‘शाहिद’ में एक साथ काम किया था जिसमें उन्होंने दंगों के सीन सिंगल टेक में किए थे।
बहुत ही टैलेंटेड, ऊर्जा से भरे हुए और बेहतरीन इंसान। तुम्हारी आत्मा को शांति मिले परवेज। तुम्हारी आवाज अभी भी मेरे कानों में गूंज रही है।”

बॉलीवुड के लिए मनहूस साबित हो रहा है 2020

बता दें कि साल 2020 बॉलीवुड के लिए मनहूस साबित हो रहा है। एक्टर इरफान खान का इसी साल 29 अप्रैल को निधन हो गया।
वह लंबे समय से कैंसर से पीड़ित थे। वहीं, मशहूर एक्टर ऋषि कपूर का 30 अप्रैल को निधन हुआ था। वह लंबे समय से कैंसर से जंग लड़ रहे थे।
1 जून को म्यूजिक कंपोजर और मशहूर सिंगर वाजिद खान का निधन हो गया। साजिद और वाजिद की जोड़ी बॉलीवुड में काफी मशहूर थी।
बॉलीवुड के मशहूर एक्टर सुशांत सिंह राजपूत ने 14 जून को अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। उनकी मौत के बाद से फिल्म इंडस्ट्री में नेपोटिज्म को लेकर तीखी बहस छिड़ गई।
बॉलीवुड की मशहूर कोरियोग्राफर सरोज खान अब हमारे बीच नहीं रहीं। 3 जुलाई को कार्डियक अरेस्ट की वजह से मुंबई के एक अस्पताल में उनका निधन हो गया।
बॉलीवुड के लेजेंडरी एक्टर और कॉमेडियन जगदीप जाफरी का 8 जुलाई को मुंबई में निधन हो गया। वह 81 साल के थे। वह फिल्म शोले में सूरमा भोपाली के किरदार से काफी चर्चा बटोरने में कामयाब रहे थे।