Prabhat Times
चंडीगढ़। सिटी ब्यूटीफुल में अपराधिक वारदातें लगातार बढ़ती जा रही हैं। दिन दिहाड़े फायरिंग की वारदातें आम होती जा रही हैं।
दिन निकलते ही शहर के सेक्टर-22डी स्थित सरकारी मकान के 20 कदम की दूरी पर पंजाब के फूड एंड सप्लाई ड्रग डिपार्टमेंट में तैनात कर्मचारी को गोली मारकर युवक फरार हो गया।
वारदात के समय घायल अमरीक सिंह गुरुद्वारे से माथा टेक कर सुबह घर वापस लौट रहे थे। सूचना पाकर पहुंची पीसीआर ने घायल अमरीक सिंह को जीएमएसएच-16 में भर्ती करवाया। वहीं, पुलिस मामले की जांच में लगी हुई है।
घायल अमरीक सिंह ने बताया कि वह सुबह 06:00 बजे रोजाना की तरह सेक्टर 22डी स्थित गुरुद्वारे में मत्था टेकने गए थे।
गुरुद्वारे से वापस लौट कर घर जाते समय सोसाइटी की गेट में जैसे ही एंट्री, अचानक कैप और मास्क पहने युवक ने उन पर गोली चला दी। गोली उनके दाहिनी जांघ पर जाकर लगी।
जिसके बाद आरोपित ने दूसरी गोली चलाने की कोशिश की लेकिन उनके द्वारा शोर मचाने की वजह से वह फरार हो गया।

सैंपल को लेकर वारदात की चर्चा

गोली कांड के बाद सोसाइटी के सभी लोग इकट्ठा हो गए। आसपास के लोगों में चर्चा है कि पंजाब के फूड एंड सप्लाई ड्रग सैंपल विंग में अमरीक सिंह पोस्टेड हैं।
किसी सैंपल को फेल करने की बात को लेकर ही वारदात को अंजाम दिया गया है। हालांकि पुलिस सभी एंगल्स को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

मौके से मिला एक खोल

वारदात के बाद सेक्टर-17 थाना प्रभारी रामरतन शर्मा, सेक्टर-22 चौकी इंचार्ज नवीन कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी की उम्र करीब 25 से 30 वर्ष बजे बीच है। उसने निक्कर और हुडी पहना था। वहीं फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से एक खोल बरामद किया।
जिसके आधार पर सेक्टर-17 थाना पुलिस अज्ञात के खिलाफ मामला दर्जकर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि मामले में आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

पिस्टल के साथ चार गिरफ्तार

बता दें कि उक्त थाने के अंतर्गत बीती देर रात करीब 11.30 बजे नाका पर चेंकिग के दौरान पुलिस स्विफ्ट कार सवार चार युवकों को पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया था।
पुलिस पूछताछ में युवकों ने पिस्टल का कोई कागजात नहीं दिखा सके थे।
जिसके बाद युवकों को गिरफ्तार कर पुलिस थाने ले जाकर इनके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया है।
पुलिस अब मामले को इस पहलू से भी जोड़कर देख रही है।