Prabhat Times
नई दिल्ली। भारत में कोरोना संक्रमण के पिछले 24 घंटे में 69,652 नए मामले सामने आए हैं। ये एक दिन में सर्वाधिक नए मामले हैं। भारत में इसके साथ ही कोरोना के कुल मामले 28 लाख के पार हो गए हैं।
इसी अवधि में 977 लोगों की मौत भी कोरोना से हुई है। इससे पहले कल के अपडेट के अनुसार मंगलवार को देश में कोरोना से 1092 लोगों की मौत हुई थी। भारत में कोरोना से मरने वालों की संख्या अब 53,866 हो गई है।
स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से गुरुवार सुबह जारी अपडेट के अनुसार देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 28,36,926 हो गई है। इसमें एक्टिव मरीजों की संख्या 6,86,395 है जबकि 20,96,665 लोग अब तक इस महामारी से ठीक हो चुके हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देश में मरीजों के ठीक होने की दर (रिकवरी रेट) अभी 73.90 प्रतिशत है। महाराष्ट्र में सबसे अधिक 6 लाख 28 हजार 642 केस हैं। वहीं, इसके बाद तमिलनाडु (3,55,449), आंध्र प्रदेश (3,16,003), कर्नाटक (2,49,590), उत्तर प्रदेश (1,67,510) और दिल्ली (1,56,139) जैसे राज्य हैं।
महाराष्ट्र देश में कोरोना से सबसे अधिक प्रभावित राज्य है। यहां एक दिन में 13, 165 नए मामले सामने आए। बता दें कि दुनिया में भारत कोरोना से तीसरा सबसे ज्यादा प्रभावित देश है।
चीन के वुहान में पिछले साल शुरू होने के बाद पूरी दुनिया में कोरोना से अब तक 7.87 लाख लोगों की जान जा चुकी है। वहीं, 2.23 करोड़ से ज्यादा लोग पूरी दुनिया में इससे संक्रमित हो चुके हैं।
इस बीच दिल्ली सरकार आज दूसरे सीरो सर्वे के आज नतीजे घोषित करेगी। इसे इसी महीने के पहले हफ्ते में किया गया था।
पहले सीरो सर्वे में ये बात सामने आई थी कि दिल्ली में 23 प्रतिशत लोगों में कोविड-19 के खिलाफ एडिबॉडी विकसित हो चुकी है। दिल्ली में अभी 11,137 एक्टिव केस हैं। वहीं, यहां 1.56 लाख से अधिक संक्रमण के मामले आ चुके हैं।