Prabhat Times

नई दिल्ली:देश में पिछले 24 घंटे में रिकॉर्ड 32,695 कोरोना संक्रमित मिले हैं और इसके साथ ही कुल संक्रमितों की संख्या 9,68,876 हो गई। इसमें  3,31,146 मामले सक्रिय हैं। इस दौरान 606 लोगों की मौत हो गई और मृतकों की संख्या बढ़कर 24,915 हो गई है। अब तक  6,12,815 मरीज कोरोना को हरा चुके हैं।

बता दें कि बिहार में गुरुवार से दोबारा लॉकडाउन है। राज्य सरकार ने कोरोना के बढ़ते संक्रमण को रोकने के लिए कई पाबंदियां लगाई हैं। धार्मिक स्थल भी बंद रहेंगे। भीड़भाड़ वाले तमाम आयोजनों पर पूरे महीने रोक रहेगी। बाजार से लेकर पार्क तक नहीं खुलेंगे।

बस सेवाओं को भी बंद कर दिया गया है। सिर्फ जरूरी काम से ही लोग आ जा सकते हैं। लॉकडाउन का पालन सुनिश्चित कराने के लिए पुलिस ने भी कमर कस ली है।

बिहार में 16 से 31 जुलाई तक लॉकडाउन लगाया गया है। राज्य, जिला, अनुमंडल और ब्लॉक मुख्यालय के अलावा सभी नगर निकायों में यह प्रभावी है। लॉकडाउन -5 के दौरान धार्मिक स्थलों और पार्कों को पूरी तरह बंद रखने के आदेश दिए गए हैं।

धार्मिक, सामाजिक, राजनीतिक, सांस्कृतिक, मनोरंजन और खेल-कूद समेत तमाम भीड़भाड़ वाले आयोजन नहीं होंगे।

गौरतलब है कि आने वाले दिनों में बेंगलुरु और पुणे समेत कई शहरों के अधिकारी अलग-अलग अवधियों के लिए लॉकडाउन पुन: लागू करने की तैयारी कर रहे हैं। उधर राजधानी दिल्ली में स्थिति में कुछ सुधार दिखाई दिया है।

उत्तर प्रदेश सरकार ने सप्ताहांतों में शनिवार, रविवार को पूरे राज्य में कड़ी पाबंदियां लागू करने का फैसला किया है। इससे पहले कर्नाटक और तमिलनाडु ने रविवार का लॉकडाउन लगा रखा है।

ये भी पढ़ें