मुंबई (ब्यूरो): देश में तेजी से फैल रहे कोरोना वायरस ने अ​ब और खतरनाक रूप ले लिया है। खबर है कि इस घातक वायरस ने भारतीय नौसेना (Indian Navy) के जवानों को भी संक्रमित करना शुरू कर दिया है।

बताया जा रहा है कि पश्चिमी नौसेना कमान के तट पर मौजूद लॉजिस्टिक और एडमिनिस्ट्रेटिव सपोर्ट बेस INS आंग्रे पर 19 जवान कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। वहीं दावा किया जा रहा है कि पॉजिटिव पाए गए जवानों की संख्या 20 भी हो सकती है। INS आंग्रे महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के तट पर मौजूद है।

INS आंग्रे में मिले सभी 19 कोरोना पॉजिटिव जवानों को नौसेनिक अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। नौसेना में कोरोना संक्रमण का यह पहला मामला है। कोरोना के पॉजिटिव केस मिलने के बाद अब उन लोगों की भी तलाश तेज कर दी गई है जो इन संक्रमित जवानों के संपर्क में आए थे। ये सभी जवान INS आंग्रे में बने अपने कमरों में रह रहे थे।

अभी तक की जांच में पता चला है कि लॉकडाउन की वजह से यह सैनिक अपने घरों में ही थे और बाहर किसी के भी संपर्क में नहीं आए थे।

हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि उन्होंने INS आंग्रे में आने वाले नाविकों या अधिकारियों को संक्रमित किया है या नहीं। बताया जा रहा है कि जो नौसैनिक कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं उन्हें मुंबई के नौ​सैनिक अस्पताल आईएनएचएस अश्विनी में क्वारंटाइन किया गया है।

नौसेना में कोरोना का यह पहला मामला

ये पहला मौका है जब नौसेना से कोरोना वायरस के मामले सामने आए हैं। फिलहाल नौसेना की तरफ से बड़े स्तर पर अभियान चला कर ये पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इन संक्रमित लोगों के संपर्क में कौन-कौन आए।

बता दें कि पॉजिटिव मिलने वाले सारे नाविक मुंबई के आईएनएस अंग्रे के रेसिडेंसियल कॉमप्लैक्स में रहते हैं। आईएनएस अंग्रे से ही वेस्टर्न नवल कमान का लॉजेस्टिक और ऑफिस का काम होता है।