Prabhat Times 

नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस मरीजों (Covid-19) का आंकड़ा बुधवार को 33 लाख के पार हो गया। स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में कोरोना के 75,760 नए मरीज सामने आए और 1023 लोगों की मौत हो गई।

इससे पहले भारत में 22 अगस्त को रिकॉर्ड 69,878 कोरोना मामले दर्ज किए गए थे। बीते दिन अमेरिका में 43,94 और ब्राजील में 47,828 नए मामले आए हैं। इसी के साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या अब 33 लाख 10 हजार 235 हो गई है।

स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में अभी कोरोना के 7 लाख 25 हजार 99 एक्टिव केस हैं। कोरोना से अब तक 25 लाख 23 हजार 772 लोग रिकवर हो चुके हैं और 60 हजार 472 लोगों की जान जा चुकी है।

कोरोना के एक्टिव मामलों में भारत अब ब्राजील से आगे निकलते हुए दूसरा देश बन गया है। भारत में अभी कोरोना के 7 लाख 25 हजार 99 एक्टिव केस हैं, जबकि ब्राजील में 6 लाख 95 हजार 400 एक्टिव मरीज हैं। वहीं अमेरिका में अभी तक सबसे ज्यादा 25 लाख 2 हजार 851 एक्टिव केस हैं।

इन राज्यों में सबसे ज्यादा एक्टिव केस

देश में सबसे ज्यादा एक्टिव केस महाराष्ट्र में हैं। महाराष्ट्र में डेढ़ लाख से ज्यादा संक्रमितों का अस्पतालों में इलाज चल रहा है।

इसके बाद दूसरे नंबर पर तमिलनाडु, तीसरे नंबर पर दिल्ली, चौथे नंबर पर गुजरात और पांचवे नंबर पर पश्चिम बंगाल है। इन पांच राज्यों में सबसे ज्यादा एक्टिव केस हैं।

मृत्यु दर गिरकर 1.82% हुई

राहत की बात है कि जिस रफ्तार से संक्रमितों की संख्या बढ़ रही है मृत्यु दर उतनी ही कम हो रही है।

मृत्यु दर गिरकर 1.82% हो गई. इसके अलावा एक्टिव केस जिनका इलाज चल है उनकी दर भी घटकर 22% हो गई है।

इसके साथ ही रिकवरी रेट यानी ठीक होने की दर 76% हो गई है। भारत में रिकवरी रेट लगातार बढ़ रहा है।

54 हजार लोग ठीक हुए, रिकवरी रेट 76.28% हुआ

संक्रमितों के बढ़ने के बीच राहत की खबर यह है कि मरीजों के ठीक होने की रफ्तार भी तेज हो गई है। बुधवार को 56 हजार 191 मरीज ठीक हो गए।

रिकवरी रेट की बात करें तो यह एक प्रतिशत बढ़कर 76.28% हो गया है। मतलब अब हर 100 मरीजों में 76 लोग ठीक हो रहे हैं।

अब तक हुई कितनी टेस्टिंग?

इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (ICMR) के मुताबिक, 26 अगस्त तक कोरोना वायरस के कुल 4 करोड़ सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं, जिनमें से 9 लाख सैंपल की टेस्टिंग बुधवार को हुई।पॉजिटिविटी रेट 7 प्रतिशत से कम है।

दुनियाभर में 2.43 करोड़ लोग कोरोना की चपेट में

वर्ल्डोमीटर के मुताबिक, अबतक दुनियाभर में 2.43 करोड़ लोग इसकी चपेट में आ चुके हैं। इनमें से आठ लाख 28 हजार (3.40%) से ज्यादा लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।

वहीं इस बीमारी से ठीक होने वाले मरीजों का आंकड़ा एक करोड़ 68 लाख (69%) के पार पहुंच गया है।

हालांकि, दुनियाभर में अभी भी 66 लाख एक्टिव केस (27%) हैं. पिछले 24 घंटे में 2.71 लाख नए मामले आए और 6308 लोगों की जान चली गई।