Prabhat Times
चंडीगढ़/नई दिल्ली। पड़ौसी मुल्क द्वारा देश में आतंक फैलाने की साजिशों पर लगातार काम किया जा रहा है। इसका उदाहरण पिछले 24 घण्टे के दौरान मिला है।
एक और जहां दिल्ली में खतरनाक विस्फोटक समेत आतंकी काबू किया है वहां पंजाब में तरनतारन बार्डर पर बी.एस.एफ. द्वारा बड़ा एक्शन लेते हुए 5 घुसपैठियो को मार गिराया गया है।
दिल्ली के धौला कुआं के पास मुठभेड़ के बाद दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइसेस (IED) के साथ एक ISIS ऑपरेटिव को गिरफ्तार किया है।
इस मामले में अब कई चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। शुरुआती जांच में पता चला है कि आतंकी को इस्लामिक स्टेट के कमांडर्स अफगानिस्तान से कंट्रोल कर रहे थे।
सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार ISIS ऑपरेटिव को इस्लामिक स्टेट द्वारा खुरासान प्रांत (ISKP) के कमांडरों द्वारा अफगानिस्तान से ऑपरेट किया जा रहा था और वह भारत में आतंकी वारदातों की योजना बना रहा था। वह कश्मीर की आईएस संस्थाओं के संपर्क में भी था।
उसे जांच के लिए अपने मूल स्थान, बलरामपुर, यूपी ले जाया जा रहा है। इसके साथ ही वह आईएसआईएस ऑपरेटिव इस्लामिक स्टेट के साथ खुरासान प्रांत (आईएसकेपी) के संचालकों के साथ साइबरस्पेस के जरिये भी संपर्क में था।

मार गिराए 5 घुसपैठिए

पंजाब में पाकिस्तान बॉर्डर पर शनिवार को घुसपैठियों ने सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद जवानों की जवाबी कार्रवाई में पांच घुसपैठियों को गोली मारी गई है। बीएसएफ पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इन संदिग्धों की क्या मंशा रही है?
रिपोर्ट के अनुसार, BSF की 103 बटालियन के सैनिकों ने पंजाब के तरन तारन जिले से सटी अंतर्राष्ट्रीय सीमा का उल्लंघन करने वाले घुसपैठियों की संदिग्ध गतिविधि को देखा। इसके बाद जवानों ने घुसपैठियों को रुकने के लिए कहा।
इसी बीच उन्होंने BSF सैनिकों पर गोलीबारी शुरू कर दी। जवानों ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की है, इस कार्रवाई में 5 घुसपैठियों को गोली मारी है। यह जानकारी बीएसएफ की ओर से दी गई है।

समाचार एजेंसी कहना है कि बीएसएफ के एक अधिकारी ने जानकारी दी है कि जवानों ने भारत-पाकिस्तान सीमा के करीब डल सीमा चौकी पर संदिग्ध गतिविधियां देखीं जिसके बाद उन्होंने तड़के करीब 4:45 बजे गोलियां चलाईं। शव बरामद किए गए हैं और तलाशी अभियान चल रहा है। शवों की शिनाख्त अभी नहीं हो सकी है।
इधर, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के रिज रोड इलाके से दिल्ली पुलिस ने कुख्यात आतंकवादी संगठन आईएसआईएस से कथित रूप से जुड़े एक व्यक्ति को आईईडी के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को इसकी जानकारी दी।
पुलिस के साथ संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद शुक्रवार की रात आरोपी को गिरफ्तार किया गया। दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ के उपायुक्त प्रमोद सिंह कुशवाहा ने बताया, ‘‘धौला कुआं और करोल बाग के बीच रिज रोड पर संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया गया।’’