पटियाला (ब्यूरो): पटियाला की सब्जी मंडी में रविवार सुबह निहंगों ने पुलिस पर हमला कर दिया। हमले में एक एएसआई की कलाई कटकर अलग हो गई, जबकि थाना इंचार्ज बिक्कर सिंह और एक अन्य पुलिसवाला जख्मी हो गया। कलाई कटने से जख्मी हुए एएसआई की हालत गंभीर होने के कारण उसे पीजीआई चंडीगढ़ रैफर किया गया।

अन्य घायलों को पटियाला के अस्पताल में भर्ती करवाया गया। घटना के बाद निहंग एक गुरुद्वारे में छिप गए। बाहर पुलिस बल तैनात है। एडीजी खुद कमान संभाले हुए हैं। निहंगों को सरेंडर करने के लिए कहा जा रहा है। अभी माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है।

इसी बीच पुलिस की सख्ती देखते हुए  निहंग सिखों को आप्रेशन के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है।तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर ले जाया जा चुका है।

इसलिए हुआ विवाद

एसएसपी मनदीप सिंह सिद्धू ने बताया कि एक गाड़ी में 5 निहंग सब्जी मंडी पहुंचे थे। यहां मंडी स्टाफ ने इनकी गाड़ी को रोककर कर्फ्यू पास के बारे में पूछा था, ताकि मंडी में बेवजह भीड़ न हो।

पास न होने पर इन लोगों ने सब्जी मंडी के स्टाफ के साथ झगड़ा करते हुए बैरिकेड तोड़कर भागने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस ने निहंगों की गाड़ी को घेर लिया।

जैसे पुलिस ने गाड़ी रोकी, तलवार लिए निहंगों ने पुलिस पर हमला कर दिया। हमले में एक एएसआई की कलाई कट गई। हमलावर निहंग बलबेड़ा क्षेत्र के गुरुद्वारा खिचड़ी साहब के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

पकड़े गए हमलावर

घटना के बाद आरोपी गुरुद्वारे में छिप गए। पुलिस अधिकारी भी पीछा करते हुए गुरुद्वारे पहुंचे। पटियाला जोन के आईजी जतिंदर सिंह भी मौके पर पहुंच गए हैं। उन्होंने सरेंडर के लिए चेतावनी दी, लेकिन आरोपी गुरुद्वारे के अंदर से पुलिस को धमकियां दे रहे हैं।

बाद में पुलिस आप्रेशन के दौरान निंहग सिखों को गिरफ्तार कर लिया गया। बताया जा रहा है कि एक निंहग गोली लगने से घायल भी हुआ है।