जालंधर (ब्यूरो): एनफोर्समैंट डायरैक्टोरेट (ED) ने आज जालंधर में बड़ी कार्रवाई की है। करोड़ों की हवाला ट्रांजैक्शन के मामले की जांच के दौरान ई.डी. द्वारा आज जिला कांग्रेस देहाती के पूर्व प्रधान सुखविन्द्र सिंह लाली की जालंधर के नंगलशामा में स्थित करीब 2 करोड़ रूपए की कोठी अटैच कर ली है।

बता दें कि बीते साल दिसंबर महीने में ई.डी. के डिप्टी डायरेक्टर निरंजन सिंह के नेतृत्व में ई.डी. की विभिन्न टीमों ने बड़िंग में रहते एन.आर.आई. हिम्मत सिंह, माडल टाऊन के एक कोलोनाईज़र सहित 6 लोगों के ठिकानों पर सर्च की थी। इस दौरान ई.डी. को करोड़ों की प्रोपर्टी के दस्तावेज तथा विदेशों में बनाई गई प्रोपर्टी के दस्तावेज मिले थे।

इस दौरान ई.डी. टीम ने जिला कांग्रेस के सुखविन्द्र सिंह लाली के ठिकानों पर भी सर्च की थी। सभी की जगहों पर मिले दस्तावेजों की जांच चल रही थी।

सुखविन्द्र लाली ने कनाडा में ली 2 करोड़ की प्रोपर्टी

ई.डी. सूत्रों ने बताया कि जांच में खुलासा हुआ कि कांग्रेसी नेता सुखविन्द्र लाली ने कनाडा में करीब 2 करोड़ रूपए की प्रोपर्टी खरीदी है।

ई.डी. द्वारा इन तथ्यों की गहराई से जांच शुरू की गई। सूत्रों ने बताया कि जांच में खुलासा हुआ कि सुखविन्द्र लाली द्वारा कनाडा में खरीदी गई प्रोपर्टी के लिए करीब 2 करोड़ एक लाख रूपए हवाला के ज़रिए ट्रांसफर किए थे।

जांच के दौरान सुखविन्द्र लाली इस रूपए के बारे में कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे पाए। इस पर ई.डी. ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आज सुखविन्द्र लाली की जालंधर के नंगलशामा में स्थित कोठी केस से अटैच कर ली है।

सूत्रों ने बताया कि नंगलशामा गांव में स्थित कोठी की कीमत करीब 2 करोड़ 85 लाख रूपए है। जबकि ई.डी. द्वारा 2 करोड़ 1 लाख रूपए की रिकवरी करनी है।

ई.डी. सूत्रों ने बताया कि इस मामले में अब आने वाले दिनो में एन.आर.आई. हिम्मत सिंह, कोलोनाईज़र व अन्यों पर भी शिकंजा कसा जा सकता है।

ये भी पढ़ें