चंडीगढ़ (ब्यूरो): चंडीगढ़ से बड़ी खबर मिली है। पता चला है कि पंजाब पुलिस के रिटायर्ड डी.जी.पी. ईज़हार आलम के निवास पर गोली चली है। घटना में रिटायर्ड डी.जी.पी. की सुरक्षा में तैनात सिपाही राज सिंह की मौत होने की सूचना है। चंडीगढ़ पुलिस ने जांच के पश्चात शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

जानकारी के मुताबिक पंजाब पुलिस के रिटायर्ड डी.जी.पी. इज़हार आलम के चंडीगढ़ के सैक्टर 42 में स्थित निवास पर दोपहर के समय गोली चलने की घटना से अफरा तफरी मच गई। जब अन्य सुरक्षाकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे तो सिपाही राज सिंह खून से लथपथ पड़ा था।

सूचना मिलते ही चंडीगढ़ पुलिस अधिकारी तथा पी.ए.पी. चंडीगढ़ की 13वीं बटालियन के डी.एस.पी. हरिन्द्रदीप सिंह, कंपनी कमांडर एस.आई. दलबीर सिंह मौके पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि असला साफ करते समय फायर हुआ और सिपाही राज सिंह की मृत्यु हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।