Prabhat Times
तरनतारन। (Marriage Function Firing) पंजाब के तरनतारन जिला से बड़ी खबर है। तरनतारन के पट्टी कस्बा में शादी समारोह में हुई फायरिंग में गोली लगने से मासूम बच्चे की मौत हो गई और एक बुर्जुग व्यक्ति घायल हो गया।
जब फायरिंग हुई तब डीजे पर डांस पार्टी चल रही थी। गोली चलने से शादी समारोह में अफरा तफरी मच गई। आरोपित फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में छापामारी कर रही है।
पट्टी के गांव दुब्बली में सुखवंत सिंह के बेटे यादविंदर सिंह का विवाह था। इसी दौरान घर में डीजे लगाकर भंगडा डाल विवाह की खुशी मनाई जा रही थी। इसी बीच मेहमान गुरलाल सिंह निवासी गांव नारली ने कथित तौर पर शराबी हालत में डबल बैरल बंदूक से हवाई फायरिंग शुरू कर दी।
शराब के नशे में होने के कारण गुरलाल का संतुलन बिगड़ गया और गोली सीधे एक 14 वर्षीय बच्चे जशनदीप सिंह व बुजुर्ग जोगिंदर सिंह को लग गई। फायरिंग की घटना के बाद शादी समारोह में अफरा तफरी मच गई।
गोली लगने से घायल जशनदीप व जोगिंदर सिंह को तत्काल अमृतसर के केडी अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने जशनदीप को मृत घोषित कर दिया, जबकि बुजुर्ग जोगिंदर सिंह की हालत गंभीर बनी हुई है।
एसपी बलजीत सिंह ढिल्लो ने बताया कि मौक़े पर पुलिस ने जाकर शव कब्जे में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। उन्होंंने बताया कि गोलियां चलाने वाला आरोपित अभी फरार है। वहीं, फायरिंग की घटना के बाद शादी समारोह में मातम पसर गया।
बताया जा रहा है कि सुखवंत सिंह किसान परिवार से संबंधित हैं और रिटायर टीचर हैं। उनके बेटा यादविंदर सिंह विदेश से आया था जिसका विवाह शनिवार को ही हुआ है। विवाह की खुशी में रात को घर में डीजे लगाकर भंगडा डाला जा रहा था कि दूल्हे के दोस्त गुरलाल सिंह निवासी नारली ने 12 बार बंदूक से फायर करते उछल कूद शूरू कर दी।
गोलियां के छर्रे बुजुर्ग जोगिंदर सिंह और मासूम जशनदीप सिंह को लगे। बताया जाता है कि मरने वाला मासूम जशनदीप सिंह दूल्हे के रिश्ते का भतीजा था जबकि घायल हुआ बुजुर्ग जोगिंदर सिंह गांव का ही रहने वाला है।

ये भी पढ़ें