Prabhat Times
चंडीगढ़। पंजाब सरकार ने राज्य में मिनी लॉकडाउन (Lockdown) की घोषणा कर दी है, लेकिन राज्य के स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू (Balbir Singh Sidhu) मिनी लॉकडाउन के बजाय फुल लॉकडाउन के पक्ष में हैं।
स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिद्धू ने कहा कि पंजाब में लॉकडाउन लगा देना चाहिए, क्योंकि राज्य में कोरोना संक्रमण का पीक आ चुका है। लॉकडाउन 10 दिन के लिए होना चाहिए।पंजाब में फुल लॉकडाउन पर आज दोपहर बाद फैसले की संभावना जताई जा रही है।
बता दें, बलबीर सिंह सिद्धू इससे पहले भी बरनाला के तपा में पत्रकारों से बातचीत में राज्य में लॉकडाउन लगाने की बात कह चुके हैं। उनका कहना था कि पंजाब सरकार ने कई पाबंदियां लगाई हैं, लेकिन इसके बावजूद यह नाकाफी साबित हो रही हैं।
सिद्धू ने कहा था कि सरकार द्वारा कोरोना से बचाव संबंधी जारी हिदायतों की पालना करें। अगर जरूरत पड़ी तो लोगों की जिदंगी बचाने के लिए व उनकी सेहत को ध्यान में रखते हुए लॉकडाउन लगाया जा सकता है।
हालांकि उसी दिन पंजाब के सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने राज्य में पूर्ण लॉकडाउन की संभावनाओं से इन्कार कर दिया था। कैप्टन का मानना था कि राज्य में लॉकडाउन से कामगार यहां से चले जाएंगे और वह जहां जाएंगे वहां मुश्किल समय में इलाज संभव नहीं है।
ऐसे में फुल लॉकडाउन लगाना होशियारी नहीं है। इसके बाद पंजाब सरकार ने गत दिवस राज्य में मिनी लॉकडाउन लगा दिया था। अब स्वास्थ्य मंत्री के बयान के बाद एक बार फिर राज्य में पूर्ण लॉकडाउन की चर्चा छिड़ गई है।
बता दें, राज्य में कोरोना संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। साथ ही मौत का आंकड़ा भी रोजाना 100 से ऊपर जा रहा है। ऐसे में राज्य सरकार चिंतित है और हर एहतिहाती कदम उठा रही है। आज मिनी लॉकडाउन के बावजूद राज्य के कई शहरों में लोग लापरवाही दिखा रहे हैं। इसलिए राज्य सरकार संक्रमण रोकने के लिए और कड़े कदम उठा सकती है।
ये भी पढ़ें