Prabhat Times
फगवाड़ा। इंडियन ऑयल के गैस सिलैंडरो पर भारत पैट्रोलियम की सील लगाए जाने के मामले में जालंधर से शुरू हुई आंच अब नवांशहर पुलिस तक पहुंच गई है।
बीते दिन फगवाड़ा पुलिस द्वारा 2 गैस गोदाम में छापेमारी करके सील किए गए थे। हदबंदी के कारण आज खोथड़ा रोड़ पर स्थित दूसरे गोदाम में नवांशहर के बहराम थाना पुलिस ने पहुंच कर सर्च की।
सर्च में गोदाम के तीन कमरों में स्टोर किए गए 200 से ज्यादा गैस सिलैंडर बरामद किए गए। पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे आई.ओ.सी. के अधिकारियों ने भी जांच रिपोर्ट में स्पष्ट लिखा है कि इन सिलैंडरो पर सील दूसरी कंपनी की है।
बता दें कि दो दिन पहले जालंधर में दूसरी कंपनियों की सील लगे गैस सिलैंडर बरामद किए गए थे। इसके पश्चात बीते दिन थाना सिटी फगवाड़ा पुलिस ने जांच तेज की और खोथड़ा रोड़ पर एक साथ दो गोदाम में छापेमारी की।
एक गोदाम जिला नवांशहर के हद में होने के कारण फगवाड़ा पुलिस ने नवांशहर जिला की पुलिस को कार्रवाई संबंधी सूचित किया।
आज सुबह थाना बहराम के एस.एच.ओ. पुलिस फोर्स तथा इंडियन आयल डिपू के अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे।
गोदाम में सर्च करने पर तीन अलग अलग तालाबंद कमरों मे स्टोर किए गए 200 से ज्यादा गैस सिलैंडर बरामद किए गए। आई.ओ.सी. अधिकारियों द्वारा मौके पर गैस सिलैंडरो का भार करवाया गया।
बाद में लिखित रिपोर्ट में स्पष्ट लिखा गया कि गैस सिलैंडर आई.ओ.सी. के हैं, लेकिन उस पर सील पीले रंग की यानिकि दूसरी कंपनी की लगी है।
आई.ओ.सी. अधिकारियों द्वारा लिखित रिपोर्ट पुलिस को सौंप दी है।
गैस सिलैंडरो की कथित ब्लैक मार्किंटिंग के मामले में थाना सिटी फगवाडा तथा नवांशहर जिला की पुलिस अपने स्तर पर संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ संपर्क करके जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों ने गैस गोदाम में छापेमारी, सर्च तथा गैस सिलैंडरो की बरामदगी की पुष्टि करते हुए कहा कि इस मामले में विभिन्न पहलूओँ पर गहराई से जांच के पश्चात कार्रवाई की जाएगी।