Prabht Times
नाहन। Himachal Pradesh Landslide : हिमाचल प्रदेश में एक बार फ‍िर पहाड़ दरक गया है। जिला सिरमौर में पिछले एक सप्ताह से रुक रुक कर हो रही बारिश के कारण जगह-जगह पर भूस्खलन से कई मार्ग तथा राष्ट्रीय राजमार्ग बाधित हो रहे हैं। मंगलवार सुबह करीब 8:30 से 9:00 बजे के करीब नाहन-श्रीरेणुकाजी-हरिपुरधार मार्ग ददाहू से एक किलोमीटर आगे भूस्खलन से पूरी तरह बंद हो गया। सोमवार से ही यहां पर हल्का भूस्खलन हो रहा था तथा बारिश के काारण पहाड़ से पत्थर भी गिर रहे थे। मंगलवार सुबह जैसे ही मशीन इस स्थान तथा भूस्खलन पर मलबा साफ कर रही थी, तो अचानक से भूस्खलन से पूरा पहाड़ सड़क पर आ गया और श्रीरेणुकाजी हरिपुरधार मार्ग बाधित हो गया।
अभी भी मार्ग पर भूस्खलन हो रहा है। वहीं लोक निर्माण विभाग ने मौके पर जेसीबी मशीन रखी है। जैसे ही पहाड़ से भूस्खलन बंद होगा, सड़क बाहल करने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। लेकिन इसमें काफी समय लग सकता है क्‍योंकि मलबा बहुत ज्‍यादा है।
लोक निर्माण विभाग संगडाह उपमंडल के अधिशासी अभियंता रतन शर्मा ने बताया कि सोमवार से ही स्थान पर हल्का भूस्‍खलन हो रहा था, जिसे देखते हुए वहां पर जेसीबी मशीन तैनात की गई थी। जो पहाड़ से पत्थर गिर रहे थे, उन्हें रोड से हटाया जा रहा था। मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे के आसपास भारी भूस्खलन से सड़क पूरी तरह बंद हो गई है। अभी भी हल्का भूस्खलन हो रहा है। भूस्खलन बंद होते ही सड़क को बहाल करने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

शुक्रवार को नेशनल हाईवे 707 पर दरका था पहाड़

जिला सिरमौर के पांवटा साहिब शिलाई हाटकोटी मार्ग पर शुक्रवार को बड़वास के समीप पहाड़ दरक गया था। मार्ग भारी भूस्खलन से तहस नहस हो गया था। यहां पर हुए भारी भूस्खलन ने एनएच का एक हिस्सा ही पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया था। करीब डेढ़ सौ मीटर एनएच के क्षतिग्रस्त होने से दोनों तरफ वाहन फंस गए थे। जिस कारण अभी भी शिलाई हाटकोटी के लिए वैकल्पिक मार्गों से वाहनों को भेजा जा रहा है, जबकि एनएच 707 पांवटा शिलाई हाटकोटी को बहाल करने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग सड़क एवं परिवहन मंत्रालय ने भारी मशीनरी तैनात की है। मगर भूस्खलन वाली जगह में दलदल से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

देखें Video

ये भी पढ़ें