Prabhat Times

होशियारपुर। (Hoshiarpur Police Arrested Criminals) पंजाब में गैंगस्टरो के नाम पर फिरौती वसूलने के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। ऐसा ही एक और मामला पंजाब के होशियारपुर जिला से सामने आया है। पुलिस ने होशियारपुर के मशहूर ज्यूलर से रंगदारी देने के मामले की जांच के दौरान बठिंडा के तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से मोबाईल, वॉयस चेंजर, लगभग एक लाख रूपए नकद बरामद किया है।
होशियारपुर के प्रताप नगर में स्थित जैन ज्यूलर के मालिक अनूप जैन ने शिकायत दी कि उसके मोबाईल पर विदेशी नंबरो से कॉल और मैसेज आ रहे हैं। दूसरी तरफ से बोल रहे लोगों द्वारा उनसे 10 लाख रूपए की रंगदारी देने के लिए कहा जा रहा है। होशियारपुर के एस.पी. इनवेस्टीगेशन रविन्द्रपाल सिंह संधू ने बताया कि मामले ध्यान में आते ही सी.आई.ए. इंस्पेक्टर शिव कुमार व उनकी टीम द्वारा मामले की जांच शुरू की गई। पुलिस द्वारा जांच के दौरान बठिंडा के भगतां भाई के ईलाके के तीन आरोपी आकाशदीप, सुखविन्द्र गोगी और गगनदीप को गिरफ्तार किया। आरोपियों से पुलिस ने लगभग एक लाख रूपए, मोबाईल नंबर वॉयस चेंजर डिवाईस तथा मोटर साईकल बरामद किया है।
एस.पी. रविन्द्रपाल सिंह संधू ने बताया कि जांच में पता चला कि आरोपी सुखविन्द्र गोगी के खिलाफ बठिंडा में रंगदारी वसूलने के आरोप में केस दर्ज हैं। सुखविन्द्र व उसके साथियों द्वारा खुद को दविन्द्र बंबीहा ग्रुप का सदस्य बताया जाता है और लोगों से रंगदारी वसूली जाती है। एस.पी. रविन्द्रपाल के मुताबिक गिरोह द्वारा पिछले समय में कोटपकपूरा एरिया में एक ज्यूलर से डेढ लाख रूपए की वसूली की गई। एस.पी. रविन्द्रपाल ने बताया कि आरोपियों से उक्त राशि मे से एक लाख 5 हज़ार रूपए बरामद किए गए हैं। उन्होने बताया कि ये लोग इंटरनैट कॉलिंग का प्रयोग करते हैं और वॉयस चेंजर डिवाईस के ज़रिए आवाज बदल लेते हैं। आरोपियों से पूछताछ के लिए रिमांड लिया गया है।

ये भी पढ़ें