मुंबई (ब्यूरो): देश की आर्थिक राजधानी मुंबई को एक बार फिर दहशतगर्दों ने बम धमाकों से दहलाने की धमकी दी है। मुबई स्थित ताज होटल के साथ ही होटल कोलाबा और ताज लैंड्स एंड को बम से उड़ाने की धमकी देने वाला फोन किया गया है।

बताया जा रहा है कि ये कॉल बीती रात 12.30 बजे पाकिस्तान से किया गया है। फोन करने वाले शख्स ने कहा कि कराची स्टॉक एक्सचेंज में हुआ आतंकी हमला पूरी दुनिया ने देखा है अब भारत के ताज होटल में 26/11 जैसा हमला एक बार फिर होगा।

ताज होटल को पाकिस्तान से आए धमकी भरे फोन की जानकारी मुंबई पुलिस को दे दी गई है। पाकिस्तान से आए इस फोन के बाद से मुंबई में सुरक्षा व्यवस्था को बढ़ा दिया गया है।

रात में आए इस फोन के बाद से मुंबई पुलिस और होटल स्टाफ मिलकर सुरक्षा का मुआयना कर रहे हैं।

यहां पर आने वाले हर एक गेस्ट की एक बार फिर जानकारी इकट्ठा की जा रही है। होटल स्टाफ से गेस्ट की हर गतिविधि पर नजर रखने को कहा गया है। इसके साथ ही दक्षिण मुंबई में नाकाबंदी कर वाहनों की तलाशी बढ़ा दी गई है।

बता दें कि 26 नवंबर, 2008 को मुंबई में आतंकी हमला किया गया था। इस हमले में 166 लोग मारे गए थे, जबकि 300 से अधिक लोग जख्मी हुए थे। 60 घंटे तक चले इस आतंकी हमले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था।

मुंबई आतंकी हमले में एकमात्र आतंकी अजमल कसाब को ही जिंदा पकड़ा जा सका था। पूछताछ में अजमल कसाब ने कबूल किया था कि वह पाकिस्तान के इशारों पर ही यहां आतंकी घटना को अंजाम देने पहुंचा था। बता दें कि 21 सितंबर 2012 की सुबह पुणे की यरवदा जेल में आतंकी कसाब को फांसी के फंदे पर लटकाया गया था।

मुंबई को दहलाने के लिए पाकिस्तान से आए थे आतंकी

26 नवंबर, 2008 को पाकिस्तान के 10 आतंकी पाकिस्तान के कराची से समुद्र के रास्ते से होते हुए नाव से मुंबई पहुंचे थे। मुंबई पहुंचने के बाद इन आतंकियों ने छत्रपति शिवाजी रेलवे टर्मिनल, ताज होटल, ट्राइडेंट होटल और एक यहूदी केंद्र पर हमला किया था।

ये भी पढ़ें

वर्दी फिर दागदार, ब्लैकमेलर थानेदार व उसका गैंग काबू