Prabhat Times
नई दिल्ली। त्योहारों पर केरल सरकार ने किसानों को शानदार तोहफा दिया है। केरल पहला ऐसा राज्य बन गया है जिसने राज्य के अंदर फसल-सब्जियों और कई अनाजों पर MSP तय कर दिया है।
केरल सरकार ने कुल 21 खाने-पीने की चीजों के MSP तय किए हैं। राज्य में Tapioca की MSP 12 रुपए प्रति किलो तय की गई है।
जबकि केला 30 रुपए, पाइनएप्पल 15 रुपए प्रति किलो और टमाटर की MSP 8 रुपए प्रति किलो तय की गई है।
किसानों की लागत खर्च से 20 फीसदी ऊपर MSP फिक्स की गई है और ये 1 नवंबर से लागू होंगी।
योजना के लिए वर्तमान साल के लिए 35 करोड़ रुपए का अलॉटमेंट किया गया है। इस योजना के तहत केरल सरकार एक हजार स्टोर भी खोलेगी।
सब्जियों का यह न्यूनतम या आधार मूल्य, सब्जियों की उत्पादन लागत से 20 प्रतिशत अधिक होगा।
मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह योजना एक नवंबर से प्रभावी होगी।
योजना की ऑनलाइन शुरुआत करते हुए मुख्यमंत्री विजयन ने कहा कि यह पहला मौका है, जब केरल में उत्पादित सब्जियों के लिए आधार कीमत तय की गयी थी।
उन्होंने कहा कि किसी भी राज्य द्वारा यह पहली ऐसी पहल है, जो किसानों को राहत और सहायता प्रदान करेगी।
सरकारी विज्ञप्ति में मुख्यमंत्री के हवाले से कहा गया है कि सब्जियों का आधार मूल्य, उनकी उत्पादन लागत से 20 प्रतिशत अधिक होगा।
यहां तक कि अगर बाजार मूल्य इससे नीचे चला जाता है, तो किसानों से उनकी उपज को आधार मूल्य पर खरीदा जायेगा।

पंजाब में भी उठ रही है मांग

बता दें कि कर्नाटक सरकार भी ऐसी मांग पर विचार कर रही है और पंजाब में भी ऐसी मांग हो रही है। महाराष्ट्र में भी समय-समय पर ऐसी मांग उठती रही है।
महाराष्ट्र में खासकर अंगूर, टमाटर, प्याज जैसी फसलों के किसान काफी परेशान रहते हैं।
कुछ साल पहले यह देखा गया था कि किसानों को अंगूर 10 रुपये किलो बेचना पड़ा जबकि उनकी लागत 40 रुपये प्रति किलो तक आ रही थी।
पंजाब के किसान संगठनों ने हाल में राज्य सरकार से मांग की है ​कि सब्जियों एवं फलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य घोषित किया जाए।