खन्ना (ब्यूरो): खन्ना एरिया में चल रही शराब की अवैध डिस्टलरी पर पुलिस जिला खन्ना की टीम ने छापेमारी कर भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में जाली शराब, वाहन, 5.83 लाख रूपए बरामद करके 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने फैक्ट्री से 413 पेटी जाली शराब तथा ड्रमों में भरी गई भारी मात्रा में जाली शराब बरामद की है।

पुलिस जिला खन्ना के एस.एस.पी. हरप्रीत सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि थाना सदर के गांव बाहोमाझरा में कुछ लोगों ने एक गोदाम में जाली शराब की डिस्टिलरी लगा रखी है। जहां पर जाली शराब भर कर आसपास के गांवो में सप्लाई कर रहे हैं।एस.एस.पी. हरप्रीत सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही एस.पी. डी. जगविन्द्र चीमा के नेतृत्व में डी.एस.पी. त्रिलोचन सिंह, डी.एस.पी. राजनपरमिन्द्र सिंह, इंस्पैक्टर जसपाल सिंह पर आधारित पुलिस टीम गठित की।

पुलिस ने गोदाम में छापेमारी करके मौके से 5 तस्कर हरविन्द्र सिंह, चंद्र प्रकाश, जतिन्द्र कुमार, जतिन्द्रपाल सिंह तथा मनिन्द्र सिंह को गिरफ्तार किया।गोदाम में बनी डिस्टिलरी से पुलिस ने 413 पेटी शराब, 5 लाख 82 हज़ार रूपए नकद तथा 19 ड्रम बरामद किए गए। एस.एस.पी. हरप्रीत सिंह के मुताबिक कच्चा माल बरामद हुआ है। जिससे करीब 2000 पेटी जाली शराब भरी जाती और बनाई जाती।

5 महीने से चल रही थी फैक्ट्री

एस.एस.पी. हरप्रीत सिंह ने बताया कि जांच में पता चला है कि इस गोदाम में जाली शराब भरने का धंधा करीब 5 माह से चल रहा था। लॉकडाऊन और कर्फ्यु में पुलिस की व्यस्तता का लाभ ये अपराधी उठा रहे थे। एस.एस.पी. ने बताया कि जांच की जा रही है कि इस गिरोह के पीछे कौन लोग शामिल हैं। उन्हे जल्द बेनकाब किया जाएगा।