Prabhat Times
जालंधर। दिन निकलते महानगर जालंधर से बड़ी वारदात सामने आई है। शहर से सटे जंडियाला मंझकी में सुबह बाईक सवार युवकों ने पैदल जा रहे गांव के पंचायत सदस्य पर गोलियों की बौछार कर दी। पंचायत सदस्य मान सिंह की मौके पर ही मृत्यु हो गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है।
जानकारी के मुताबिक आज सुबह गांव के पंचायत सदस्य मान सिंह (65) रूटीन की तरह गांव में ही श्री गुरूद्वारा साहिब माथा टेकने जा रहे थे। रास्ते में बाईक सवार युवकों ने घेर लिया और फायरिंग कर दी।
फायरिंग से घटनास्थल पर अफरा तफरी मच गई। गोली लगते ही मान सिंह मौके पर ही ढेर हो गए और हमलावर फरार हो गए।
सूचना मिलते ही थाना सदर, कैंट की पुलिस व कमिश्नरेट के अधिकारियों ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरू की है।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मान सिंह के तीन गोलियां लगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टि में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा हुआ है।
घटनास्थल से मिली जानकारी के मुताबिक सुबह बाईक सवार युवकों ने मान सिंह को घेर लिया। पहले घटनास्थल पर ही ये लोग आपस में गुत्थमगुत्त्था भी हुए। लेकिन जब मान सिंह भागने लगा तो हमलावरों ने फायर कर दिए।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि पिछले कुछ समय से गांव के अपराधिक प्रवृत्ति के कुछ युवकों के साथ पुरानी रंजिश का मामला भी खंगाला जा रहा है।
वारदात में गांव के ही दो युवकों का नाम प्रमुखता से लिया जा रहा है। बताया जा रहा है कि उक्त युवकों पर हत्या के प्रयास का केस भी दर्ज है।
संभावना जताई जा रही है कि वारदात या तो उक्त लोगों ने खुद की या फिर सुपारी देकर करवाई। पुलिस सूत्रों से पता चला है कि दोनो गुटों में पिछले करीब एक दशक से रंजिश चल रही थी। मान सिंह पर फायरिंग करने वाले गुट पर पहले भी केस दर्ज हैं।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक एक आरोपी पैरोल जम्प कर चुका है।  पुलिस का कहना है कि घटनास्थल से लेकर आपास एरिया के सभी सी.सी.टी.वी. कैमरे चैक करवाए जा रहे हैं और मृतक के परिजनों व जानकारों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि मामला जल्द ही ट्रेस कर लिया जाएगा।