जालंधर (ब्यूरो): जालंधर में कोरोना संक्रमण अब तेज हो गया है। आज सुबह 2 लोगों की मृत्यु के दुखद समाचार के बाद आज दोपहर फिर पोज़िटिव मरीज़ों की संख्या में बढ़ौतरी हुई है।

दोपहर के समय जांलधर के पी.सी.एस. अधिकारी आर.टी.ए. जालंधर बरजिन्द्र सिंह की कोरोना रिपोर्ट पोज़िटिव मिली है।

बताया जा रहा है कि बीते दिनों एस.डी.एम. की रिपोर्ट पोज़िटिव आने के पश्चात आर.टी.ए. बरजिन्द्र सिंह द्वारा बीते दिन ही होशियारपुर से कोरोना टेस्ट करवाया गया था। जिनकी रिपोर्ट पोजिटिव मिली है।

जालंधर प्रशासनिक अधिकारी होंगे क्वारंटाइन!

आर.टी.ए. बरजिन्द्र सिंह की कोरोना रिपोर्ट पोजिटिव आने के पश्चात जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया है। पता चला है कि कोरोना पोज़िटिव मरीज़ आर.टी.ए. बरजिन्द्र सिंह के साथ दो दिन पहले ही जिला प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक में शामिल थे।

बैठक में कोरोना महामारी को लेकर सरकार द्वारी जारी हुए फंडो के आंबटन का मुद्दा था। दो दिन पहले हुई मीटिंग में जालंधर के डी.सी.घनश्याम थौरी, दो ए.डी.सी. विशेष सारंगल, जसबीर सिंह, एस.डी.एम. जयइन्द्र सिंह, सिविल सर्जन, मैडीकल सुपरडैंट, पब्लिक रिलेशन दफ्तर के डिप्टी डायरेक्टर मनविन्द्र सिंह, असिस्टेंट पब्लिक रिलेशन आफिसर जतिन्द्र कोहली, डी.आर.ओ. जशनजीत सिंह समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।

प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक आर.टी.ए. की रिपोर्ट पोज़िटिव आने के पश्चात जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया है। पता चला है कि अधिकारियों द्वारा खुद को क्वारंटाइन किया जा रहा है।

कोरोना की चपेट में प्रशासनिक अधिकारी

कोरोना वायरस की चपेट में पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी आ चुके हैं। जालंधर के पुलिस अधिकारी के बाद एस.डी.एम. संजीव कुमार के बाद अब आर.टी.ए. बरजिन्द्र की रिपोर्ट भी कोरोना पोज़िटिव मिली है।

रिपोर्ट पोज़िटिव आने के बाद जिला परिवहन कार्यालय तथा ड्राईविंग ट्रैक पर भी सहम का वातावरण बन गया है।