Prabhat Times
नई दिल्ली। चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर (Prashant Kishore) को पंजाब में मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह का मुख्य सलाहकार नियुक्त किया गया है। उन्हें यहां कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिया गया है।
मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से इसकी जानकारी देते हुए बताया गया है कि प्रशांत किशोर टोकन मनी के रूप में महज 1 रुपए वेतन लेंगे। हालांकि, उन्हें बंगला, दफ्तर, टेलिफोन सहित अन्य सुविधाएं दी जाएंगी।
सीएमओ की ओर से जारी सेवा शर्तों में बताया गया है कि प्रशांत किशोर का कार्यकाल अमरिंदर सिंह के पंजाब सीएम के रूप में कार्यकाल के बराबर होगा। उन्हें एक निजी सचिव, एक निजी सहायक, एक डेटा एंट्री ऑपरेटर, एक क्लर्क और दो चपरासी दिए जाएंगे। उन्हें कैबिनेट मंत्री को मिलने वाला बंगला दिया जाएगा।
ऑफिस और कैंप ऑफिस/आवास में लैंडलाइन फोन के अलावा मोबाइल फोन का खर्च भी उठाया जाएगा, जिसकी कोई लिमिट नहीं होगी। स्टेट ट्रांसपोर्ट कमिश्नर की ओर से उन्हें परिवहन की सुविधा दी जाएगी।
वह कैबिनेट मंत्री को मिलने वाली ट्रैवल सुविधा का लाभ ले सकेंगे। हॉस्पिटैलिटी के नाम पर 5 हजार रुपए तक का खर्च कर सकते हैं। कैबिनेट मंत्री को जो मेडिकल सुविधाएं मिलती हैं वह भी उन्हें प्राप्त होंगी।
पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने सोमवार को चुनाव रणनीतिकार प्रशांत किशोर को अपना मुख्य सलाहाकार बनाए जाने की जानकारी दी। अमरिंदर सिंह ने ट्वीट किया ” यह बताते हुए खुशी हो रही है कि प्रशांत किशोर मुख्य सलाहाकार के तौर पर मेरे साथ जुड़ गए हैं। पंजाब के लोगों की बेहतरी के लिए एक साथ काम करने को लेकर आशान्वित हूं।”
किशोर ने वर्ष 2017 में पंजाब विधानसभा के दौरान कांग्रेस के चुनाव अभियान की कमान संभाली थी। वर्तमान में किशोर की कंपनी, इंडियन पालिटिकल एक्शन कमेटी (आई-पीएसी) पश्चिम बंगाल चुनाव में ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस की मदद कर रही है। किशोर ने वर्ष 2014 के आम चुनाव में नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री पद के लिए अभियान की कमान संभाली थी।

ये भी पढ़ें