चंडीगढ़ (ब्यूरो): कोराेना के खिलाफ जंग के बीच पंजाब सरकार ने बड़ा कदम उठाने की तैयारी की है। कैप्‍टन अमरिंदर सिंह सरकार ने विदेश से पंजाब में आए NRI को कड़ी चेतावनी दी है।

राज्‍य सरकार ने कहा है कि पंजाब आए NRI खुद के बारे में तुरंत जानकारी दें अन्‍यथा उनके पासपोर्ट रद कर दिए जाएंगे। सरकार ने इससे पहले NRI के बारे में गांवों के सरपंचों से जानकारी मांगी थी।

बताया जाता है कि पंजाब में कोरोना की दहशत के बीच दूसरे देशों से 90 हजार से अधिक NRI आए हैं। प्रदेश सरकार ने विदेश से लौटे NRI से कहा है कि वे अपने बारे में जानकारी तुरंत प्रशासन को दें। यदि NRI ने यह जानकारी नहीं दी तो उनके पासपोर्ट रद करने पर विचार किया जाएगा।

गौरतलब है कि इससे पहले सरकार ने प्रदेश के सभी सरपंचों को आदेश दिए थे कि वे दो दिन के अंदर विदेश से लौटे लोगों के बारे में जानकारी सरकार को दें।

स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिद्धू पहले ही कह चुके हैं कि पंजाब में 90000 एनआरआइज आ चुके हैं। इनमें से 30000 से अधिक लोगों से स्वास्थ्य विभाग अभी तक संपर्क नहीं कर पाया है।

उन्होंने कहा था कि इनमें से कई में कोविड-19 के लक्षण हैं, लेकिन वे जानकारी छिपा रहे हैं। वहीं केंद्र सरकार के कैबिनेट सेक्रेटरी राजीव गौबा ने सभी राज्यों के मुख्य सचिवों को पत्र लिखकर यह जानकारी दी है कि जनवरी से अब तक भारत में कुल 15 लाख एनआरआइ आ चुके हैं।

उन्होंने जिलावार 55,556 NRI की सूची भी पंजाब सरकार को भेजी है। इसके साथ ही निर्देश दिए हैं कि राज्य सरकार सख़्ती से पेश आए और विदेश से लौटे सभी लोगों की तुरंत स्क्रीनिंग करवाएं। इसके साथ ही जानकारी छुपाने वाले लोगों के खिलाफ केस दर्ज किए जाएं।