Prabhat Times

चंडीगढ़। (punjab Govt to give compensation to held for republic day tractor rally) पंजाब के सीएम चरणजीत सिंह चन्नी ने 26 जनवरी 2021 को नई दिल्ली में ट्रैक्टर रैली के दौरान गिरफ्तार किए गए किसानों को दो-दो लाख रुपये मुआवजा देने का फैसला लिया है। तब कुल 83 पंजाबियों को गिरफ्तार किया गया था। सीएम ने यह जानकारी ट्वीट कर दी है।
बता दें, जनवरी में किसानों ने केंद्र सरकार द्वारा लाए गए तीन कृषि कानूनों को रद करने की मांग को लेकर ट्रैक्टर मार्च किया था। इस दौरान बड़ी संख्या में किसान लाल किले तक पहुंच गए थे। यहां तक कि वहां धार्मिक झंडा भी फहरा दिया गया था। इसके बाद दिल्ली में हिंसा हुई थी। हिंसा में दो लोगों की मौत भी हो गई थी और कुछ किसान घायल हो गए थे। पंजाब सरकार घायलों व मृतकों के लिए पहले ही मुआवजे का एलान कर चुकी है।
जब दिल्ली में हिंसा हुई थी तब पंजाब में कैप्टन अमरिंदर सिंह की सरकार थी। कैप्टन ने उस समय एलान किया था कि दिल्ली हिंसा में आरोपित किसानों के केस पंजाब सरकार मुफ्त लड़ेगी। इसके अलावा मृत व घायल किसानों को मुआवजा भी दिया गया था। अब चरणजीत सिंह चन्नी ने गिरफ्तार किसानों को मुआवजा देने का एलान कर मास्टर स्ट्रोक खेला है।
काबिलेगौर है कि पंजाब में विधानसभा के चुनाव अगले वर्ष की शुरुआत में ही होने हैं। राज्य में किसान एक बड़ा वोटर वर्ग है। ऐसे में हर पार्टी किसानों को साधने के लिए काम कर रही है। पूर्व की कैप्टन सरकार ने किसानों का कर्ज माफ किया था। इसके बाद जब कृषि कानून आए तो इसके विरोध में भी सरकार नजर आई। अकाली दल ने तो किसानों के मुद्दे पर भाजपा से गठबंधन तोड़ दिया। केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल ने केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया था।
“प्रभात प्रीत” का नवंबर एडीशन देखने के लिए क्लिक करें

ये भी पढ़ें