Prabhat Times
चंडीगढ़। (tajinder pal singh bagga Arrest Case punjab police) भाजपा नेता तेजिन्द्र पाल सिंह बग्गा की गिरफ्तारी के मामले में पंजाब पुलिस की जमकर किरकिरी हुई है। दिल्ली से हिरासत में लिए गए बग्गा को लेकर पंजाब पुलिस कुरूक्षेत्र भी नहीं क्रास कर पाई।
दोपहर तक चले हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद आखिरकार हरियाणा पुलिस ने तेजिन्द्र बग्गा को दिल्ली पुलिस को सौंप दिया। उधर, पंजाब पुलिस अब इस मामले में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट पहुंच चुकी है।
दिल्ली भाजपा के नेता तजिंदर बग्गा को हरियाणा पुलिस ने दिल्ली पुलिस को सौंप दिया है। दिल्ली पुलिस बग्गा को अब दिल्ली लेकर जा रही है। बग्गा को पंजाब पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार किया था। पंजाब साइबर सेल की टीम ने शुक्रवार सुबह यह कार्रवाई की। उनके खिलाफ मोहाली साइबर थाने में केस दर्ज है। बग्गा को मोहाली ले जा रही पंजाब पुलिस की गाड़ी को हरियाणा पुलिस ने कुरुक्षेत्र में रोक लिया।
पंजाब पुलिस का कहना है कि उनकी टीम को अवैध तरीके से रोका गया है। इसके खिलाफ पंजाब सरकार ने हाईकोर्ट में पिटीशन दायर कर दी है। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने इसकी सुनवाई शुरू कर दी है। इसका पता चलते ही हरियाणा सरकार भी HC पहुंची। हरियाणा ने जवाब के लिए कल तक का समय मांगा था। हालांकि हाईकोर्ट ने आधे घंटे में हरियाणा सरकार से जवाब मांगा है कि उन्होंने पंजाब पुलिस और बग्गा को कुरुक्षेत्र में क्यों रोका?
तजिंदर के पिता ने दिल्ली के जनकपुरी थाने में पंजाब पुलिस के खिलाफ किडनैपिंग का केस दर्ज कराया है। इसके बाद दिल्ली पुलिस की सूचना पर बग्गा को ले जा रही पंजाब पुलिस की गाड़ी को हरियाणा पुलिस ने रोक लिया। पंजाब पुलिस गिरफ्तारी के बाद बग्गा को दिल्ली से मोहाली ले जा रही थी। वहां उन्हें कोर्ट में पेश किया जाना था।

पंजाब पुलिस पर दिल्ली में 2 केस दर्ज

दिल्ली पुलिस ने तजिंदर बग्गा मामले में पंजाब पुलिस पर 2 केस दर्ज किए हैं। पंजाब पुलिस के वकील आरके राठौर ने बताया कि पहला केस किडनैपिंग का दर्ज किया गया है। दूसरा केस बग्गा के पिता के बयान पर मारपीट का दर्ज किया गया है। पंजाब पुलिस के DSP समेत 4 कर्मचारियों को दिल्ली पुलिस ने डिटेन किया गया है।

केजरीवाल को धमकी देने के मामले में कार्रवाई

बग्गा पर फिल्म कश्मीर फाइल्स को लेकर दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल पर विवादित टिप्पणी करने का आरोप है। पंजाब पुलिस ने बग्गा को जांच में शामिल होने का नोटिस दिया था, लेकिन वे इसके लिए नहीं पहुंचे थे।

5 बार नोटिस भेजा, दिल्ली पुलिस को सूचना भी दी : पंजाब पुलिस

मोहाली के DSP सुखनाज सिंह का कहना है कि तजिंदर बग्गा को 5 बार ऑन रिकॉर्ड नोटिस भेजकर जांच जॉइन करने को कहा था। हर बार यह टाल रहे थे। कोर्ट के आदेश के हिसाब से हमने पहले बग्गा को नोटिस दिया था। जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया।
इस बारे में दिल्ली पुलिस के SHO को भी सूचना दी थी। गिरफ्तारी के लिए जब एक पार्टी बग्गा के घर पहुंची तो उसके बराबर दूसरी पार्टी पुलिस थाने पहुंची थी। इसके अलावा कंट्रोल रूम में भी सूचना दी थी। इसकी रिकॉर्डिंग भी हमारे पास मौजूद है। गिरफ्तारी की प्रक्रिया की हमने वीडियोग्राफी करवाई है।

पंजाब पुलिस के 50 लोगों ने घर में घुसकर पकड़ा

बग्गा के करीबियों के मुताबिक करीब 12 गाड़ियों में 50 पुलिसकर्मी उनके दिल्ली स्थित घर पर पहुंचे। परिजनों ने कहा कि पहले कुछ पुलिस वाले घर के अंदर आए। उन्होंने कुछ देर बात की। इसके बाद बाहर से बड़ी संख्या में पुलिस कर्मी घर में घुस गए और बग्गा को पकड़कर ले गए। बग्गा का मोबाइल भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया।

पिता बोले- पुलिसवालों ने मेरे मुंह पर मुक्का मारा

तजिंदर बग्गा के पिता प्रितपाल सिंह ने कहा, ‘पंजाब पुलिस के लोग तजिंदर को खींचकर ले गए। उन्हें पगड़ी भी नहीं पहनने दी। जब मैंने वीडियो बनाने की कोशिश की, तो मुझे रोककर एक कमरे में ले गए। वहां मेरे मुंह पर मुक्का मारा। पंजाब पुलिस मेरा फोन भी छीनकर ले गई। अरविंद केजरीवाल मेरे बेटे को जबरदस्ती फंसाना चाहते हैं।’
पंजाब पुलिस के खिलाफ मारपीट की शिकायत
इसके बाद प्रितपाल बग्गा ने जनकपुरी थाने पहुंचकर पंजाब पुलिस के खिलाफ मारपीट की शिकायत दर्ज कराई। उनके साथ दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष आदेश गुप्ता भी थे। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा कि भाजपा के युवा नेता को जबरन उठवाना और बुजुर्ग पिता से मारपीट करवाना केजरीवाल की तानाशाही मानसिकता का प्रमाण है।

मान से बोले कुमार विश्वास- पगड़ी संभाल जट्टा

इस कन्ट्रोवर्सी में कवि कुमार विश्वास की भी एंट्री हो गई है। उन्होंने पंजाब CM भगवंत मान को ट्विटर पर सलाह दी है। कुमार ने लिखा कि प्रिय छोटे भाई भगवंत मान, खुद्दार पंजाब ने 300 साल में दिल्ली के किसी असुरक्षित तानाशाह को अपनी ताकत से नहीं खेलने दिया। पंजाब ने तुम्हारी पगड़ी को ताज सौंपा है। पंजाब के लोगों के टैक्स के पैसों और उनकी पुलिस का अपमान मत करो। पगड़ी संभाल जट्‌टा


Subscribe YouTube Channel

Prabhat Times

Click to Join Prabhat Times FB Page

https://www.facebook.com/Prabhattimes14/

Join Telegram

https://t.me/prabhattimes14

ये भी पढ़ें