Prabhat Times

चंडीगढ़। पंजाब के मोगा शहर में ऐसी घटना हुई कि दिल्ली तक खलबली मच गई। यहां मिनी सचिवालय (डीसी कार्यालय के नाम से मशहूर) पर तिरंगा उतारकर खालिस्तानी झंडा फहरा दिया। राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा की रस्सी काटकर अपने साथ ले गए।

इस घटना के बाद पूरे पंजाब में सनसनी फैल गई। बता दें कि करीब 15 दिन पहले खालिस्तान का झंडा फहराने की चेतवानी दी गई थी। पंजाब सरकार ने इसे गंभीरता से नहीं लिया और परिणाम सबके सामने है।

चौथी मंजिल पर झंडा फहराया

मोगा में फिरोजपुर-लुधियाना रोड पर स्थित मिनी सचिवालय में आज सुबह तीन अज्ञात युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए। दो युवकों ने मिनी सचिवालय में डीसी कार्यालय के बाहर लहरा रहा तिरंगे झंडा चुरा लिया।
इसके साथ ही डीसी कार्यालय की चौथी मंजिल पर खालिस्तान का केसरी झंडा लहरा दिया। घटना के कुछ ही मिनटों के बाद मामला पत्रकारों के ध्यान में पहुंचा तो जिला पुलिस एकदम हरकत में आ गई। चोरी किए गए तिरंगे की जगह नया तिरंगा झंडा फहराय। खालिस्तान के केसरी झंडे को वहां से उतार दिया।

एक कर्मचारी चश्मदीद

मिनी सचिवालय में साइकिल स्टैंड पर तैनात एक कर्मचारी घटना का चश्मदीद है। पुलिस ने उसे फिलहाल हिरासत में ले लिया है। मिनी सचिवालय में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर कब्जे में लिया है। यहां जाने वाले सभी रास्तों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है। फिलहाल पुलिस के हाथ उक्त मामले संबंधी कोई भी सुराग नहीं लगा है।

आतंकवादी पन्नू के ऐलान के बाद हुई घटना

गौरतलब है कि बीते दिन ही जस्टिस फॉर सिख के आतंकवादी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने ऐलान किया था कि भारत के पंजाब में अगर कोई भी व्यक्ति खालिस्तान का झंडा फहराता है तो उसे 2500 डॉलर का इनाम दिया जाएगा।
अगर कोई लाल किला दिल्ली में जाकर खालिस्तान का केसरी झंडा लहराएगा तो उसे सवा लाख डालर का इनाम दिया जाएगा। इस ऐलान के बाद शनिवार मोगा में उक्त घटना को अंजाम दिया गया है।

दिल्ली तक पहुंची जानकारी

पुलिस सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री पंजाब कैप्टन अमरिंदर सिंह तक मोगा में हुई उक्त घटना की जानकारी पहुंचा दी गई है। दिल्ली तक सूचना पहुंची है। इस घटना से पूरा पंजाब सकते में हैं।

वीडियो भी बनाई

पता चला है कि एक सिख नौजवान और एक मोना युवक मिनी सचिवालय में दाखिल हुए। इस दौरान पहले उन्होंने तिरंगा झंडा उतारा। तिरंगे को फाड़ते हुए उसकी वीडियो बनाई।
इसके बाद चौथी मंजिल पर जाकर मिनी सेक्ट्रिएट पर केसरी रंग का खालिस्तानी झंडा फहराते हुए उसकी भी वीडियो बनाई, जो गुरपतवंत सिंह पन्नू को भी भेजी गई है।

जालंधर के एडवोकेट अशोक सरीन ने की DC, SSP पर कार्रवाई की मांग

जालंधर के युवा एडवोकेट अशोक सरीन ने सी.एम. पंजाब को पत्र लिख कर जिला मोगा के एस.एस.पी. व डी.सी. के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। अशोक सरीन हिक्की ने कहा कि सरकार ये कार्रवाई कर ये संदेश दे कि असमाजिक गतिविधियों या लापरवाही बरतने वालों को कतई नहीं बख्शेगी।

देखें एडवोकेट अशोक सरीन का Video