Prabhat Times
चंडीगढ़। पंजाब (punjab) के बड़े शराब ठेकेदार (Wine Contractor) अरविंद सिंगला (Arvind Singla) को चंडीगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार किया है। अरविंद सिंगला पर कोठी की खरीदो फरोख्त मे धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज किया गया है। इससे पहले चंडीगढ़ पुलिस द्वारा संजीव महाजन और प्रोपर्टी डीलर मनीष गुप्ता की गिरफ्तारी हो चुकी है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
शराब ठेकेदार अरविंद सिंगला को पुलिस ने चंडीगढ़ के साथ लगते पंजाब के जीरकपुर से गिरफ्तार किया है। इसके लिए पुलिस ने देर रात चंडीगढ़, पंजाब और हरियाणा में 11 अलग-अलग जगहों पर रेड की है।
सेक्टर-39 थाना पुलिस ने सेक्टर-37 स्थित एक कोठी के विवाद के मामले में 9 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी और दूसरे कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने इस मामले में संजीव महाजन और प्रॉपर्टी डीलर मनीष गुप्ता को सोमवार रात गिरफ्तार कर लिया था। दोनों को मंगलवार को कोर्ट में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
बता दें कि चंडीगढ़ पुलिस के पास प्रॉपर्टी विवाद को लेकर एक शिकायत आई थी। इस मामले में पुलिस ने जांच करने के बाद संजीव और मनीष गुप्ता को गिरफ्तार किया है। अब पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है। इन दोनों के अलावा चंडीगढ़ पुलिस ने सतपाल डागर, शराब ठेकेदार अरविंद सिंगला, खलेंद्र सिंह कादियान, अशोक अरोड़ा, सौरभ गुप्ता, शेखर, दलजीत सिंह रुब्बल सहित दिवंगत बाउंसर सुरजीत सिंह को आरोपी बनाया है।
पुलिस ने IPC की धारा 452, 331, 344, 365, 386, 419, 420, 465, 467,468, 471, 473, 474,477 और 120बी के तहत मामला दर्ज किया है। मकान मालिक राहुल मेहता ने पुलिस को बताया कि उसने अपना मकान किसी को नहीं बेचा लेकिन जाली दस्तावेजों के जरिए GPA कैंसिल करवाकर 1 मार्च 2019 को उसके सेक्टर-37 A स्थित मकान नंबर-340 की सेल डीड तैयार करवा कर सौरव गुप्ता के नाम पर करवा दी। आरोपियों ने चंडीगढ़ इस्टेट ऑफिस के सब रजिस्ट्रार के सामने फर्जी राहुल मेहता नाम का व्यक्ति खड़ा कर दिया और यह प्रॉपर्टी सौरव गुप्ता के नाम पर करवा दी।

ये भी पढ़ें